Home / Sports / Asia Cup 2027: एशिया कप 2027 के लिए 6 टीमों के नाम तय, नेपाल बना ACC प्रीमियर कप चैंपियन

Asia Cup 2027: एशिया कप 2027 के लिए 6 टीमों के नाम तय, नेपाल बना ACC प्रीमियर कप चैंपियन

नई दिल्ली,12 सितंबर : Asia Cup 2027: मलेशिया के बायुमास ओवल मैदान पर खेले गए एसीसी मेंस प्रीमियर कप 2026 के फाइनल में नेपाल क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त अरब अमीरात को 44 रनों से हरा दिया. सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख के जबर्दस्त शतक के दम पर नेपाल ने यह खिताबी जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही संदीप लामिछाने की कप्तानी वाली नेपाली टीम ने अगले साल बांग्लादेश में होने वाले एशिया कप 2027 के लिए आधिकारिक तौर पर क्वालिफाई कर लिया है.

एशिया कप 2027 के लिए 6 टीमों के नाम तय
एसीसी प्रीमियर कप को एशिया कप का फाइनल क्वालिफाइंग स्टेज माना जाता है, जिसे जीतकर नेपाल टूर्नामेंट की छठी और आखिरी टीम बन गई है. इस बार एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसके चलते 6 टीमें ही हिस्सा लेंगी. पिछली बार टी20 फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में 8 टीमें मैदान में उतरी थीं. वहीं, इस टूर्नामेंट के लिए डिफेंडिंग चैंपियन भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मेजबान बांग्लादेश को टूर्नामेंट में डायरेक्ट एंट्री मिली है.

2023 के डेब्यू के बाद दूसरी बार एंट्री
नेपाल के क्रिकेट इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका होगा जब टीम एशिया कप टूर्नामेंट में भाग लेगी. नेपाल ने अपना एशिया कप डेब्यू साल 2023 में किया था, जहां वो ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान के साथ शामिल थे. हालांकि 2023 में नेपाल कोई मैच नहीं जीत सका था, लेकिन बीते तीन सालों में टीम के खेल और अनुभव में काफी इजाफा हुआ है. अब 2027 में नेपाल बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर देने के इरादे से मैदान में उतरेगा.

10 टीमों को पछाड़कर बने चैंपियन
एसीसी प्रीमियर कप के फाइनल मुकाबले में नेपाल के सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख ने मैच जिताऊ शतकीय पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. वहीं, यूएई की टीम इस टारगेट के जवाब में 44 रन पीछे रह गई. यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 12 सितंबर के बीच 10 एसोसिएट देशों के बीच खेला गया, जिसमें नेपाल, यूएई, मलेशिया, कुवैत, हॉन्ग कॉन्ग, बहरीन, ओमान, कतर, सऊदी अरब और सिंगापुर ने हिस्सा लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *