कलर्स टीवी के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 17’ के पहले ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान की मौजूदगी में भी कंटेस्टेंट के बीच के झगड़े खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं. ईशा मालवीय वीकेंड के वार पर सलमान खान के गुस्से का शिकार हुईं. जिसके बाद मन्नारा ने भी अंकिता और ईशा के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली. दरअसल मन्नारा का कहना था कि ईशा की वजह से उनके और अंकिता के बीच दूरियां आ रही हैं. हालांकि इस दौरान अंकिता बार-बार मन्नारा को ये समझाते हुए नजर आईं कि महज सलमान खान की डांट चलते वह ईशा को खुद से दूर नहीं कर सकतीं.
अंकिता-मन्नारा के बीच तूतू-मैं मैं बढ़ती गई. लेकिन अंकिता के सब्र का बांध तब टूट गया, जब ईशा के बारे में बात करते हुए मन्नारा की जुबान फिसल गई. मन्नारा ने ईशा-अभिषेक का जिक्र करते हुए कहा-‘जो अपने बॉयफ्रेंड की न हो सकी, वो अपनी क्या होगी?’ मन्नारा के मुंह से ये बात सुनकर अंकिता ने उन्हें टोकते हुए कहा कि उनकी हिम्मत कैसे हुई वो किसी भी लड़की के करैक्टर पर इस तरह से सवाल करें.
डर गई मन्नारा चोपड़ा
अंकिता के गुस्से को देख मन्नारा बहुत डर गई. उनका कहना था कि बड़ी होने की वजह से अंकिता उन्हें इस तरह से डांट लगा रही हैं. ऐश्वर्या, खानजादी के सामने मन्नारा फूट-फूट कर रोने लगीं. इस मौके का फायदा उठाते हुए खानजादी ने अंकिता के बारे में मन्नारा को भड़काने की कोशिश भी की. लेकिन मुनव्वर, मन्नारा का हाथ पकड़कर उन्हें वहां से दूर लेकर गए. मुनव्वर के कहने पर मन्नारा और अंकिता ने फिर एक बार आपस में बात की और अंकिता ने उन्हें ये समझाया कि ईशा से बात करने का मतलब ये नहीं कि वो मन्नारा से दूर हो जाएंगी.


