Home / Bihar / हवलदार के बेटे की हत्या के बाद बवाल, आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर की आगजनी; चार घंटे तक चक्काजाम

हवलदार के बेटे की हत्या के बाद बवाल, आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर की आगजनी; चार घंटे तक चक्काजाम

ख़बर शेयर करें:

बिहार के भोजपुर जिले में हवलदार के बेटे की गोली मारकर हत्या के बाद जमकर बवाल हुआ। गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली के समीप ऋतिक सिंह की सरेशाम गोली मारकर हत्या किए जाने से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने आरा-बक्सर हाईवे पर चंदवा मोड़ के समीप जाम लगा दिया और बीच सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की। इस दौरान करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष रजनीकांत, दारोगा अविनाश, चंदेश्वर समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों का एनकाउंटर करने और मौके पर एसपी को बुलाने की मांग की। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली के समीप हथियारबंद बदमाशों ने हवलदार हरेंद्र सिंह के बेटे ऋतिक सिंह और उसके दोस्त युवराज सिंह को गोली मार दी थी। हमले में ऋतिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। युवराज भोजपुर जिले के दधोबहा थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव निवासी रामावतार सिंह का 22 वर्षीय बेटा है।बताया गया कि ऋतिक को सिर में चार और पीठ में एक गोली लगी थी, जबकि युवराज को दो गोलियां लगी हैं। घायल युवराज का उपचार जारी है। घटना के बाद से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।इधर, इंस्पेक्टर रजनीकांत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *