Home / Chhattisgarh / SIR के बाद मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाना प्राथमिकता : जयसिंह अग्रवाल

SIR के बाद मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाना प्राथमिकता : जयसिंह अग्रवाल

ख़बर शेयर करें:

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

मधुबनी (बिहार)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मधुबनी पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनीरंजन झा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में AICC के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मतदान अधिकारों की रक्षा करना है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची से बाहर रह गए पात्र नागरिकों के नाम दोबारा जुड़वाना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण करने और SIR के बाद सूची से बाहर हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनका विवरण संकलित करने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी देने तथा नियमानुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करने में आवश्यक सहयोग करने पर जोर दिया।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस संगठन को जिला और प्रखंड स्तर से आगे बढ़कर मंडल, पंचायत एवं बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा। प्रत्येक बूथ पर समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम गठित कर घर-घर संपर्क और मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक परिणाम जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बूथवार जानकारी संकलित करने और अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी के लिए निर्धारित प्रारूप एवं मार्गदर्शिका भी उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि वे शीघ्र ही पुनः मधुबनी पूर्व का दौरा करेंगे और प्रखंड, मंडल, पंचायत तथा बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनीरंजन झा, कार्यालय प्रभारी विनय कुमार झा, राम बहादुर राम, उप महापौर अमानुल्लाह खान, सोहराब आलम, नगर कांग्रेस अध्यक्ष आजम प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष मसूद अहमद, बृज कुमार झा, शिक्षक प्रकोष्ठ के बालेश्वर पासवान, बेनीपट्टी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष कालीचंद्र कुमार, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजकुमार यादव एवं तैयब अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा SIR के बाद मतदाता सूची से छूटे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम नियमानुसार जुड़वाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *