रायपुर, 13 नवंबर । महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बड़ी छापेमारी की है। सीबीआई की टीम ने शहर के पॉश इलाके समता कॉलोनी स्थित सट्टा नेटवर्क से जुड़े आरोपी मोहित सोमानी के निवास पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि मोहित सोमानी महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के मुख्य प्रमोटरों से सीधे पैनल आईडी लेकर आगे बेचने और अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क संचालित करने में शामिल रहा है। सौरभ चंद्राकर से जुड़े इनपुट मिलने के बाद सीबीआई ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान जांच टीम का फोकस कथित अवैध लेन-देन, डिजिटल रिकॉर्ड और नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की तलाश पर रहा।
गोवा से गिरफ्तार हुआ था मोहित सोमानी
गौरतलब है कि मोहित सोमानी पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। रायगढ़ पुलिस ने एक विशेष कार्रवाई के दौरान उसे गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में रायगढ़ जेल में बंद है।
अब सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की इस कार्रवाई को महादेव सट्टा एप नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। छापेमारी के बाद इस अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित पैनल संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।







