शराब के नशे में देवर ने भाभी को उतारा मौत के घाट

सरगुजा ,11 अक्टूबर । सरगुजा जिले के ग्राम चकेरी के आमाडुगु से हत्या का मामला सामने आया है। जमीन विवाद को लेकर देवर ने अपनी भाभी की हत्या कर दी। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है। बता दें कि, आरोपी देवर ने शराब के नशे में डंडे से मार-मारकर भाभी का सिर फाड़ दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची उदयपुर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए फरार आरोपी की तलाश में जुटी गई है। दोनों परिवारों के बीच काफी समय से जमीन विवाद चल रहा था।

पुलिस ने बताया, सोमवार देर रात करीब 12-1 बजे आपसी विवाद में हत्या की वारदात हुई। आरोपी परमेश्वर सिंह (28) ने पहले अपने भाई प्रेम सिंह के साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद बड़ा भाईअपने घर चला गया। आरोपी नशे में धुत होकर रात 12 बजे अपने बड़े भाई के घर जा पहुंचा और गालीगलौज करने लगा। हल्ला सुनकर भाई और भाभी बाहर निकले। आरोपी ने बड़े भाई पर डंडे से वार कर दिया, तो पत्नी सुशीला (30) बीच-बचाव करने लगी। आरोपी ने भाभी के सिर पर भी डंडे से जोरदार वार कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और बहुत अधिक खून निकलने लगा। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इधर घटना में घायल बड़े भाई प्रेम सिंह को उदयपुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।