संभल. उत्तर प्रदेश के संभल में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया. निकाह से महज 4 घंटे पहले दूल्हे ने फोन करके बारात लाने से मना कर दिया. उसने दहेज के बचे हुए 2 लाख रुपये देने की मांग की. दुल्हन के परिवार ने काफी मिन्नतें कीं, लेकिन दूल्हा और उसका परिवार नहीं माना. इसके बाद दुल्हन के घर में खुशियों की जगह मातम जैसा माहौल हो गया.
दुल्हन शानिया लाल जोड़े में सजी बैठी रही. जब उसे बारात नहीं आने की जानकारी मिली तो वह फफककर रोने लगी. वह रातभर कभी हाथों की तो कभी पैरों की मेहंदी देखती रही. परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे संभाला. मामला संभल मुख्यालय से करीब 11 किलोमीटर दूर कोतवाली क्षेत्र का है.
5 लाख रुपये दहेज देने की हुई थी बात
परिवार के मुताबिक, शादी में दूल्हे पक्ष को 5 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी. इसमें से 3 लाख रुपये दिए जा चुके थे. बाकी 2 लाख रुपये निकाह से पहले देने की मांग की गई. दुल्हन के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. इसलिए उन्होंने बाकी रकम देने से मना कर दिया. इसके बाद दूल्हे पक्ष ने बारात लाने से इनकार कर दिया. परिवार का दावा है कि दूल्हे ने दिए गए 3 लाख रुपये भी वापस कर दिए.
4 घंटे पहले फोन कर बारात लाने से किया मना
दुल्हन के चाचा शान मोहम्मद के मुताबिक, 11 नवंबर की शाम करीब 4 बजे दूल्हे के पिता सालिम का फोन आया. उन्होंने बारात लेकर आने से मना कर दिया. परिवार के लोग रात 10 बजे तक फोन पर उन्हें मनाते रहे, लेकिन वे 2 लाख रुपये की मांग पर अड़े रहे. शादी में करीब 1 हजार मेहमानों के खाने का इंतजाम किया गया था. इनमें से 400 से 500 लोग खाना भी खा चुके थे. बारात नहीं पहुंचने से पूरा इंतजाम बेकार हो गया.
दिल्ली में कबाड़ का काम करता है दूल्हा
शानिया मोहम्मदपुर टांडा गांव की रहने वाली है. उसके पिता बाबू रिहान की तीन साल पहले मौत हो चुकी है. दूल्हा आकिब मेरठ के फिटकरी गांव का रहने वाला है. वह दिल्ली में कबाड़ का काम करता है. शानिया का भाई शुएब भी दिल्ली में कबाड़ के गोदाम में मजदूरी करता है. परिवार के मुताबिक, कुछ समय पहले दोनों परिवार एक मौत के मौके पर मिले थे. इसी दौरान रिश्ते की बातचीत शुरू हुई थी.
तीन दिन पहले भी शादी से किया था इनकार
दुल्हन शानिया मलिक उर्फ सन्नु ने बताया कि उसकी दूल्हे से बातचीत होती थी. उसने शादी के लिए पहले हामी भरी थी. हालांकि, निकाह से तीन दिन पहले भी दूल्हे ने बारात लाने से मना कर दिया था. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और मामला सुलझ गया. दूल्हा बारात लाने के लिए राजी हो गया था. लेकिन निकाह वाले दिन उसने फिर दहेज के 2 लाख रुपये मांगे और बारात लेकर नहीं पहुंचा. परिवार ने दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ थाने में शिकायत दी है.







