बिलासपुर, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हत्या के प्रयास और बलवा के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे, उसके बेटे लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले और अन्य लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था। इस दौरान मारपीट और बलवा करते हुए पीड़ितों को गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं। घटना की शिकायत पर थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने ठिकाने बदलते रहे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ SP रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त SP (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के नेतृत्व में चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी और पांच साल से फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कुर्रे (55 वर्ष), उसका बेटा लव कुर्रे (30 वर्ष) और राजेश कुर्रे शामिल हैं। तीनों ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार के निवासी हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से संबंधित अन्य मामलों में चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट लंबित थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इन चारों वारंटों की भी तामिली की। तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।







