रायपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में धान खरीदी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से धान खरीदी के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने भोपाल दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सरकार का लक्ष्य किसानों से सुचारू रूप से धान खरीदी सुनिश्चित करना है।
वहीं, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर देशभर में जनजाति गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजाति गौरव दिवस का भव्य आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।







