उत्तरप्रदेश, 03 नवंबर । दिवाली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत धनतेरस से होती है। यह पर्व सुख-समृद्धि, सौभाग्य और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस पर सोना-चांदी सहित शुभ वस्तुओं की खरीदारी और मां लक्ष्मी की पूजा करने की परंपरा है। इसी खास मौके पर अनमोल टीवी के शो ‘हमारी राधा’ में गिरधर का किरदार निभा रहे अभिनेता अक्षय म्हात्रे ने धनतेरस के महत्व और इसे मनाने को लेकर अपने विचार साझा किए।
अक्षय म्हात्रे का मानना है कि धनतेरस केवल सोना-चांदी खरीदने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह जीवन में सकारात्मकता, खुशहाली और समृद्धि का स्वागत करने का अवसर भी है। उनके अनुसार, इस दिन घर लाई जाने वाली वस्तु से ज्यादा उससे जुड़ी भावना और विश्वास मायने रखते हैं। उन्होंने कहा कि धनतेरस के साथ ही त्योहारों के मौसम की रौनक, उत्साह और अपनों के साथ खुशियां बांटने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
अभिनेता अक्षय म्हात्रे ने सभी को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि हर किसी के जीवन में खुशियां, अच्छी सेहत, समृद्धि और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहे।
वहीं, शो ‘हमारी राधा’ की कहानी में इन दिनों दिलचस्प मोड़ देखने को मिल रहे हैं। गिरधर (अक्षय म्हात्रे) शनाया (वैदेही नायर) के करीब आता जा रहा है, जबकि धोखे से दिल टूटने के बाद राधा (सिमरन कौर) ने उससे मुकाबला करने का फैसला किया है। राधा अब बदला लेने और गिरधर को वापस पाने की उम्मीद के साथ आगे बढ़ रही है।
‘हमारी राधा’ का प्रसारण हर रात 9:30 बजे अनमोल टीवी पर किया जाता है।







