MS Dhoni फिल्‍म में हीरो बनेंगे? CSK के कप्‍तान की पत्‍नी साक्षी के जवाब ने जीत लिया फैंस का दिल

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के कप्‍तान एमएस धोनी ने घुटने में चोट के बावजूद पूरे आईपीएल 2023 में हिस्‍सा लिया और टीम को पांचवीं बार खिताब दिलाया। पिछले महीने सीएसके के सीईओ काशी विश्‍वनाथन ने खुलासा किया था कि धोनी के घुटने की मुंबई में सफल सर्जरी हुई और वो रिहैब कर रहे हैं।

एमएस धोनी इन दिनों अपने प्रोडक्‍शन हाउस के कारण चर्चा में बने हुए हैं। धोनी और उनकी पत्‍नी साक्षी ने धोनी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड नाम से प्रोडक्‍शन हाउस की शुरुआत की। इस प्रोडक्‍शन हाउस की पहली फिल्‍म एलजीएम आगामी शुक्रवार को रिलीज होगी।

एमएस धोनी हीरो बनेंगे?

एमएस धोनी और उनकी पत्‍नी साक्षी धोनी फिल्‍म का प्रमोशन करने में जुटे हुए हैं। हाल ही में साक्षी धोनी से प्रेस कांफ्रेंस में पूछा गया- क्‍या हम धोनी को हीरो के रूप में देखेंगे? इस पर साक्षी ने जवाब दिया, ”मेरा उस दिन पर ध्‍यान रहेगा। अगर ऐसा होता है तो मेरे लिए सबसे खुशनुमा दिन होगा। अगर कुछ अच्‍छा रोल हुआ तो माही कर सकता है।”

साक्षी ने आगे कहा, ”एमएस धोनी ने काफी विज्ञापन किए हैं। वो कैमरा पर शरमाते नहीं हैं। उन्‍हें पता है कि एक्टिंग कैसे होती है। वो 2006 से कैमरा के सामने काम कर रहे हैं। अगर कोई अच्‍छा रोल आया तो वो कर सकता है। अगर मुझे उनके लिए कोई फिल्‍म चुननी हुई तो वो एक्‍शन मूवी होगी क्‍योंकि वो हमेशा एक्‍शन में होते हैं।”

धोनी की फिटनेस का क्‍या है हाल?

वहीं साक्षी धोनी का एक वीडियो जबरदस्‍त वायरल हो रहा है, जिसमें एक फैन ने उनसे पूछा कि माही भाई कैसे हैं। साक्षी ने अपना अंगूठा ऊपर की तरफ दिखाते हुए कहा- माही भाई ठीक हो रहे हैं। वो रिहैब में हैं। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर सनसनी की तरह फैल गया है।