शादीशुदा महिला को भेजता था अश्लील मैसेज और वीडियो, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे….

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक मनचले शख्स ने एक शादीशुदा महिला का जीना मुश्किल कर दिया था. वो उसे मोबाइल पर लगातार अश्लील मैसेज और वीडियो भेजता था. महिला ने उसे कई बार ऐसा करने से मना किया लेकिन उसकी सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा. वो उसे मना करने के बावजूद अश्लील मैसेज और वीडियो भेजता रहा. इस मनचले शख्स को अब जौनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है. ये पूरा मामला खेतासराय थाना क्षेत्र का है. यहां के एक गांव में युवती की शादी हुई थी. इसके बाद एक मनचला युवक उसके मोबाइल फोन पर अश्लील मैसेज भेजने लगा. युवती ने कई बार मना करने के बाद युवक नहीं माना, तब युवती ने अपने परिजनो को पूरी बात बताई. इसके बाद पीड़िता के पिता ने थाने जाकर पुलिस से इसकी शिकायत की.

महिला को अश्लील वीडियो भेजता था युवक

पिता ने आरोप लगाया कि एक मनचला युवक उसकी बेटी को अश्लील और मॉर्फ वीडियो भेजकर उसे लगातार परेशान कर रहा है. वो उसकी बेटी की छवि को धूमिल कर रहा है. जिससे उसकी बेटी अपने पति की निगाहों में गिर जाए और उसके सामाजिक मान सम्मान पर ठेस पहुंचे. इसलिए पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे.

इसके बाद जौनपुर पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद ली और जिस मोबाइल नंबर से शादीशुदा महिला को परेशान किया जा रहा था, उसे ट्रेस किया तो उसकी लोकेशन आयरमानिस ढाबे के पास मिली. पुलिस ने वहां आरोपी युवक को मोबाइल फोन समेत गिरफ्तार कर लिया.

आजमगढ़ जिले का रहने वाला है आरोपी

महिला को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने वाले आरोपी युवक की पहचान मो. हसन अस्करी के तौर पर हुई है. वो आजमगढ़ के कोहड़ा का रहने वाला है. इस मामले में खेतासराय के प्रभारी निरीक्षक राजेश ने बताया कि केस दर्ज करके सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी मनचले युवक को ट्रेस करके गिरफ्तार कर लिया गया है और अब अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.