एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद, 04 अक्टूबर । थाना सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार रात्रि में गश्त के दौरान आदर्श कालोनी निवासी दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से हजारों रुपये का स्मैक बरामद किया गया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन गजेंद्र सिंह ने बताया कि एसआई उज्ज्वल राणा की टीम ने सोमवार रात हरथल रेलवे फाटक के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई महिला गीता पत्नी जितेंद्र और सुमन पत्नी अरविंद आदर्श कालोनी की रहने वाली हैं। उनके पास से 11 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। बकौल पुलिस दोनों महिलाएं काफी समय से नशे के सामान की तस्करी कर रही हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूर्व में भी ये दोनों जेल जा चुकी हैं। एसएचओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की गई है।


