Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई गति, पांच दिनों में छह केंद्रीय मंत्रियों का दौरा

छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई गति, पांच दिनों में छह केंद्रीय मंत्रियों का दौरा

ख़बर शेयर करें:

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से केंद्र का बढ़ा सहयोग, आवास, कृषि, स्वास्थ्य, श्रम और खनन सहित विभिन्न क्षेत्रों की योजनाओं को मिली गति

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में विकास योजनाओं को गति देने और केंद्र तथा राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय का सकारात्मक असर अब दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की लगातार पहल और केंद्रीय मंत्रियों के साथ संवाद के परिणामस्वरूप प्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है। इसी कड़ी में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक छह केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इनमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया तथा केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री . किशन रेड्डी शामिल हैं।

राज्य में डबल इंजन की सरकार के तहत केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों को गति मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को लेकर लगातार दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप आवास, कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, श्रम और खनन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ को सहयोग मिला है।

राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के लिए 3 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में केंद्र सरकार की भूमिका और छत्तीसगढ़ को उपलब्ध कराए गए संसाधनों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 की समय-सीमा निर्धारित की गई थी। राज्य को इस अभियान के लिए आवश्यक संसाधन, वित्तीय सहायता और सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने में केंद्र का सहयोग मिला।

प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में भी केंद्र और राज्य के समन्वय का प्रभाव देखने को मिला है। छत्तीसगढ़ में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रदेश की आवास संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान अतिरिक्त आवासों की घोषणाएं भी कीं। बस्तर के पुनर्निर्माण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए प्रभावित परिवारों तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार विशेष आवास स्वीकृत किए गए हैं।

कृषि क्षेत्र में भी केंद्र सरकार का सहयोग मिला है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण उर्वरकों की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने के बीच मुख्यमंत्री की पहल पर केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पिछले खरीफ सीजन में छत्तीसगढ़ के लिए 50 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 50 हजार मीट्रिक टन डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई थी। इस बार भी प्रदेश के किसानों के लिए अतिरिक्त डीएपी उपलब्ध कराई गई है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार 30 और 31 अक्टूबर को रायपुर तथा बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। प्रदेश के वंचित वर्गों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री साय उनसे कई बार चर्चा कर चुके हैं। इन प्रयासों से संबंधित योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया राज्योत्सव के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स को केंद्र और राज्य के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण माना गया है। इसके अलावा ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए भी मुख्यमंत्री की पहल पर सकारात्मक कार्यवाही हुई है।

वहीं, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री . किशन रेड्डी 3 नवंबर को एनआईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लेंगे। खनन प्रभावित परिवारों के कल्याण और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए संचालित योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय मंत्री के बीच चर्चा हुई है। इस दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं।

पांच दिनों के भीतर छह केंद्रीय मंत्रियों का छत्तीसगढ़ दौरा प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा, केंद्र और राज्य के बीच समन्वय तथा प्रदेश की प्राथमिकताओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *