Home / Chhattisgarh / दीपावली पर सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई कोरबा पुलिस, व्यापारियों को दिए विशेष दिशा-निर्देश

दीपावली पर सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई कोरबा पुलिस, व्यापारियों को दिए विशेष दिशा-निर्देश

ख़बर शेयर करें:

कोरबा,30 अक्टूबर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में बढ़ती भीड़ और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए कोरबा पुलिस ने सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सराफा दुकानों, बैंक परिसरों और नकदी के परिवहन के दौरान लूट एवं उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापारियों को विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने कोरबा शहर के सराफा एवं ज्वेलरी दुकान संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।

SP, कोरबा के निर्देश पर अतिरिक्त SP नितेश ठाकुर, नगर SP प्रतीक चतुर्वेदी तथा कोतवाली TI प्रेमचंद साहू ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, नकदी एवं कीमती आभूषणों के सुरक्षित परिवहन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

पुलिस अधिकारियों ने सभी सराफा एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और उन्हें हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। कम से कम दो कैमरे ऐसे स्थानों पर लगाने को कहा गया, जिनमें एक दुकान के बाहर पार्किंग क्षेत्र और दूसरा मुख्य सड़क की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर सके। इसके साथ ही दुकानों में मजबूत तिजोरी, पैनिक अलार्म और आपातकालीन घंटी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

दुकान खोलने और बंद करने के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए पुलिस ने कहा कि गमछा, मास्क अथवा अन्य तरीके से चेहरा छिपाकर आने वाले व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए। आभूषणों और नकदी की पैकिंग शटर बंद करके करने तथा परिवहन से पहले दुकान के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी का परिवहन अकेले अथवा दोपहिया वाहन से करने से बचने की सलाह दी। साथ ही परिवहन के लिए हमेशा एक ही रास्ते, समय और साधन का उपयोग नहीं करने को कहा, ताकि अपराधियों को कारोबारियों की गतिविधियों की पूर्व जानकारी न मिल सके। दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा आवश्यकता के अनुसार पुलिस वेरिफिकेशन कराने पर भी जोर दिया गया।

कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकान या प्रतिष्ठान के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान कारोबारियों की सुरक्षा और बाजार में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क रहेगी। साथ ही व्यापारियों से सुरक्षा निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *