Home / Chhattisgarh / C.G. में बड़ा हादसा: जलती चिता में जा घुसा ऑटो, आग लगने से जलकर हुआ खाक, मामा-भांजा झुलसे

C.G. में बड़ा हादसा: जलती चिता में जा घुसा ऑटो, आग लगने से जलकर हुआ खाक, मामा-भांजा झुलसे

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे मामा-भांजा का ऑटो अचानक जलती चिता में जा घुसा। चिता की तेज लपटों ने देखते ही देखते ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे के दौरान ऑटो में सवार मामा-भांजा किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हालांकि, दोनों आग की चपेट में आने से झुलस गए हैं। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत पेशे से ऑटो चालक हैं। उनका भांजा शैलेंद्र सिंह कोरबा के इमलीडुग्गू क्षेत्र में रहता है। दशरथ की एक बुजुर्ग रिश्तेदार मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में रहती थीं। लंबे समय से अस्वस्थ चल रही वृद्धा का शुक्रवार को निधन हो गया था।

रिश्तेदार की मौत की सूचना मिलने पर दशरथ अपने भांजे शैलेंद्र के साथ मंगला धुरीपारा पहुंचे थे। वहां वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद दोनों ऑटो से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक छोटी सी चूक ने बड़ा हादसा कर दिया।

बताया जा रहा है कि दशरथ ने ऑटो बंद करते समय उसे बैक गियर में छोड़ दिया था। अंतिम संस्कार के बाद जब उन्होंने ऑटो दोबारा स्टार्ट किया तो वह भूल गए कि वाहन बैक गियर में है। जैसे ही उन्होंने ऑटो को आगे बढ़ाने के लिए एक्सीलेटर दबाया, वाहन आगे जाने के बजाय तेजी से पीछे की ओर बढ़ गया और सीधे जलती चिता में जा घुसा।

चिता में गिरते ही आग की तेज लपटों ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे से ऑटो में बैठे दशरथ और शैलेंद्र घबरा गए। दोनों ने किसी तरह जलते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक आग की लपटों से दोनों झुलस चुके थे। वहीं, ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

हादसे के बाद झुलसे मामा-भांजा को तत्काल उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। गनीमत रही कि दोनों समय रहते ऑटो से बाहर निकल गए, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। इस घटना ने वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को एक बार फिर सामने ला दिया है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *