उत्तर प्रदेश। अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ ने सफलतापूर्वक 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस खास उपलब्धि पर शो के सेट पर जश्न का माहौल रहा। मुख्य कलाकार सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर सहित पूरी टीम ने केक काटकर खुशी मनाई। इस दौरान कलाकारों ने शो से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और अब तक के सफर को याद किया।
‘हमारी राधा’ की कहानी एक ऐसी महिला के जीवन पर आधारित है, जिसका अपने पति पर अटूट विश्वास उस समय टूटने लगता है, जब उसे पति गिरधर के विवाहेतर संबंध के बारे में पता चलता है। रिश्तों में मिले धोखे और बदलते हालात के बीच राधा धीरे-धीरे अपनी पहचान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने का साहस जुटाती है। यह शो पारिवारिक रिश्तों की जटिलताओं, पारंपरिक मूल्यों, आधुनिक सोच और महिला आत्मसम्मान जैसे विषयों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करता है।
शो में राधा गिरधर मौर्य का किरदार निभा रहीं सिमरन कौर ने 100 एपिसोड पूरे होने पर खुशी जताते हुए कहा कि राधा का किरदार उनके अभिनय सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। इस भूमिका ने उन्हें कई तरह की भावनाओं को समझने और पर्दे पर उतारने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि कहानी के साथ राधा के व्यक्तित्व में आए बदलाव को निभाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा है। एक ऐसी महिला, जो पहले अपने रिश्तों पर पूरी तरह भरोसा करती थी, अब अपनी ताकत को पहचानने लगी है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शो की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
गिरधर मौर्य की भूमिका निभा रहे अक्षय म्हात्रे ने बताया कि उनके किरदार को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं काफी दिलचस्प रही हैं। कई बार दर्शक गिरधर के फैसलों पर सवाल उठाते हैं और राधा के प्रति उसके व्यवहार पर नाराजगी भी जाहिर करते हैं। अक्षय के अनुसार, यह दर्शाता है कि लोग शो की कहानी और किरदारों से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 100 एपिसोड पूरे होने को गर्व का क्षण बताते हुए आगामी कहानी को लेकर उत्साह जताया।
वहीं, शनाया श्रीवास्तव का किरदार निभा रहीं वैदेही नायर ने कहा कि इस शो ने उन्हें अपने किरदार के अलग-अलग पहलुओं को समझने का अवसर दिया है। शनाया एक महत्वाकांक्षी और आत्मविश्वासी महिला है, जिसके फैसलों के पीछे कई भावनात्मक कारण छिपे हैं। उन्होंने बताया कि सिमरन, अक्षय और अन्य कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा है। पूरी टीम के साथ 100 एपिसोड पूरे होने का जश्न मनाना उनके लिए यादगार पल है।
शो के 100 एपिसोड पूरे होने के बाद अब कहानी में राधा, गिरधर और शनाया के रिश्तों में नए मोड़ देखने को मिलेंगे। तीनों किरदारों के फैसले उनकी जिंदगी को किस दिशा में ले जाएंगे, यह आने वाले एपिसोड में सामने आएगा।
‘हमारी राधा’ का प्रसारण हर रात 9:30 बजे अनमोल टीवी पर किया जाता है।







