दुर्ग,19 मार्च । दुर्ग पुलिस ने सेक्सटॉर्शन में फंसाकर उनसे पैसों की ठगी करने वाले एक कपल को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए कपल को शादी के २ घंटे पहले ही दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 70 साल के बुजुर्ग ने थाने में खुद के साथ सेक्सुअल ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कराया था। बुजुर्ग ने बताया था कि उसके मोबाइल नंबर पर कुछ समय पहले मैसेज आया था। मैसेज में दोस्ती और वीडियो सेक्स करने का झांसा दिया गया। झांसे में आकर बुजुर्ग ने आरोपियों से वीडियो कॉल पर चैट कर लिया।
इसके बाद आरोपी कपल ने अश्लील वीडियो कॉल को रिकॉर्ड कर बुजुर्ग के खिलाफ शिकायत करने और झूठे केस में फसाने की धमकी दी। बदनामी और डर की वजह से आरोपी कपल को बुजुर्ग ने अलग अलग भुगतान कर कुल 11 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी कपल की डिमांड बढ़ने लगी और बुजुर्ग से फिर से रुपयों की डिमांड करने लगे। आरोपियों से परेशान होकर बुजुर्ग ने आखिरकार इसकी शिकायत पद्मनाभपुर थाने में दर्ज कराई।
एसपी अभिषेक पल्लव ने आईपीएस प्रभात कुमार को जांच कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। IPS के नेतृत्व में ACCU और थाने की संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों के कॉल डिटेल्स व एकाउंट डिटेल्स की जानकारी ली गई। जांच के आरोपियों का लोकेशन कोलकाता मिला, जिसके बाद दुर्ग पुलिस ने कोलकाता में 12 दिनों की रेकी कर गिरफ्तार किया गया।


