Home / Chhattisgarh / राहुल बैग के संचालक के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा पर कराई गई FIR के बाद बात बढ़ी

राहुल बैग के संचालक के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा पर कराई गई FIR के बाद बात बढ़ी


कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में बतौर आयुक्त पदस्थ होने के बाद से शहर व निगम क्षेत्र को समझने के साथ-साथ यहां की सूरत और सीरत बदलने की कवायदों में आशुतोष पांडेय लगातार लगे हुए हैं। उनका उद्देश्य शहर क्षेत्र को साफ-सुथरा, स्वच्छ व और सुंदर बनाना है। गंदगी व कचरा से यह शहर मुक्त रहे, इसके लिए वे दिन-रात स्वयं सड़क पर उतरकर भी काम कर रहे हैं। तमाम कोशिशें और कवायदों का असर दिख भी रहा है लेकिन इसके बावजूद कुछ मामलों में यह प्रयास तब असफल होता है, जब आम लोग सहयोग नहीं करते। इसमें यह भी संदेहास्पद नहीं है कि दूसरों का कचरा भी कई बार अपने कचरे के साथ-साथ सिरदर्द बन जाता है। ऐसे ही एक मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त,स्टाफ के साथ एक व्यवसायी आमने-सामने हो गया।

व्यवसायी के विरुध्द शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए निगम के स्वच्छता निरीक्षक की रिपोर्ट पर कोतवाली में शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, इस FIR की जानकारी होने के बाद उक्त व्यापारी के द्वारा सीधे तौर पर निगम आयुक्त व उनके साथ गई टीम के लोगों को उल्लिखित करते हुए थाना में लिखित शिकायत कर कार्यवाही की मांग की गई है। संभवत: कोरबा नगर निगम में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी विषय को लेकर बात एफआईआर तक पहुंची हो। पिछले दिनों निहारिका क्षेत्र में निगम द्वारा रोपित शासकीय पौधे को काट देने की बात पर ममता स्टील के संचालक व एक कर्मचारी के विरुद्ध सिविल लाइन थाना में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर प्रतिबंधात्मक धारा पर कार्रवाई हुई। अब कचरा फेंकने की बात पर पावर हाउस रोड में राहुल बैग के संचालक पर 1000 रुपये जुर्माना के साथ एफआईआर हुई है।


इन दोनों ही मामलों को लेकर जहां कई व्यापारियों में अंदरूनी तौर पर नाराजगी देखी जा रही है तो वहीं निगम के अभियान में सहयोग करने के भी वे पक्षधर दिखते हैं। हालांकि नगर निगम की सख्ती और व्यापारी के साथ कमिश्नर की हुई हॉट टॉक के बाद मामला थाना तक पहुंच गया है। व्यापारी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी उपलब्ध कराया है। इस घटना को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। यह भी कहा जा रहा है कि यदि निगम का मैदानी अमला स्वच्छता पर पहले से ही बेहतर ध्यान देता तो ऐसी नौबत नहीं आती, फिर लोगों से कचरा सफाई का टैक्स भी वसूला जा रहा है। जो टैक्स देते हैं उनसे कहीं ज्यादा कचरा तो टैक्स नहीं देने वाले करते हैं, लेकिन उन पर कोई सख्ती नजर नहीं आती।


👉🏻 यह कहा आयुक्त ने
इस मामले में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने स्पष्ट किया है कि नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने, उसे नहीं हटाने पर संबंधित के विरुद्ध जुर्माना का प्रावधान है। और यदि वह जुर्माना नहीं पटाता है तो इस शासकीय कार्य में अवरोध माना जाएगा। राहुल बैग के संचालक के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में निगम कर्मी के द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। आयुक्त ने कहा है कि यह शहर आपका है, इसे साफ सुथरा रखना सब की जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों में सहयोग देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। नगर निगम प्रशासन की मंशा किसी को परेशान करने की नहीं है, लेकिन नियमों और निर्देशों का उल्लंघन करने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *