Home / Chhattisgarh / चक्रधर समारोह में 8 वर्षीय आनंदिता तिवारी ने कथक से मोहा दर्शकों का मन, शिव पंचाक्षरी स्तोत्र की भावपूर्ण प्रस्तुति

चक्रधर समारोह में 8 वर्षीय आनंदिता तिवारी ने कथक से मोहा दर्शकों का मन, शिव पंचाक्षरी स्तोत्र की भावपूर्ण प्रस्तुति

कोरबा,23 सितम्बर 2026। रायगढ़ में आयोजित 41वें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह-2026 की सातवीं सांस्कृतिक संध्या में दीपका की आठ वर्षीय कथक नृत्यांगना आनंदिता तिवारी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कक्षा तीसरी की छात्रा आनंदिता ने कथक नृत्य के माध्यम से आदि शंकराचार्य रचित शिव पंचाक्षरी स्तोत्र की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर अपनी कला प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार में मौजूद दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

आनंदिता तिवारी लखनऊ घराने की कथक शैली में पिछले चार वर्षों से खैरागढ़ के गुरु तरुण कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। चक्रधर समारोह जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति देना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। शिव पंचाक्षरी स्तोत्र की प्रस्तुति में कथक की तकनीक के साथ भाव, अभिनय और लय का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

शिव स्तुति के बाद आनंदिता ने तीनताल और देश राग पर आधारित तराना भी प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में कथक की पारंपरिक शैली, भावाभिव्यक्ति और ताल की स्पष्टता ने दर्शकों को प्रभावित किया। कम उम्र में मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने की उनकी क्षमता ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींचा।

आनंदिता अब तक करीब 14 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंचों पर अपनी कथक कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी कला प्रतिभा को विभिन्न मंचों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्हें बाल नृत्य कला उदय सम्मान, कौशल कला सम्मान, स्वर्ण नृत्य मंगलम सम्मान, मंगलम महोत्सव सम्मान, नटवर गोपी कृष्ण नेशनल अवार्ड, दीप्तिमान सम्मान और कला गौरव रत्न सम्मान सहित कई पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।

चक्रधर समारोह में आनंदिता तिवारी की प्रस्तुति ने एक बार फिर यह दिखाया कि छोटी उम्र में भी निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासन और मेहनत के बल पर युवा कलाकार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *