Home / Chhattisgarh / Accident News: सर्वमंगला चौक में ट्रेलर की चपेट में आई स्कूटी सवार युवती, अस्पताल पहुंचते ही मौत

Accident News: सर्वमंगला चौक में ट्रेलर की चपेट में आई स्कूटी सवार युवती, अस्पताल पहुंचते ही मौत

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 05 अक्टूबर। कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग स्थित सर्वमंगला चौक में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोड़ पर स्कूटी सवार युवती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा की ओर से एक तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 12 AY 5608 आ रहा था। इसी दौरान सर्वमंगला चौक के मोड़ पर ट्रेलर ने स्कूटी क्रमांक CG 12 BR 0460 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवती सड़क पर जा गिरी और उसे गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मृतका की पहचान कोरबा के बुधवारी निवासी मधुलता रात्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मधुलता रात्रे केराकछार पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थीं। हादसे की सूचना मिलने के बाद उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

इधर, हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रेलर चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों और वाहन की गति सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि सर्वमंगला चौक कोरबा शहर का एक महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है। यह चौक कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग के साथ-साथ कई भूविस्थापित ग्रामों, कुसमुंडा खदान, उरगा और पंतोरा क्षेत्र को जोड़ता है। इसके अलावा सर्वमंगला मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। इस वजह से यहां दिनभर छोटे-बड़े वाहनों और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। क्षेत्र में भारी वाहनों की संख्या भी काफी अधिक रहती है। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा चौक पर यातायात व्यवस्था संभालने का कार्य किया जाता है। बावजूद इसके तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण यहां सड़क सुरक्षा को लेकर समय-समय पर चिंता सामने आती रही है। सोमवार सुबह हुए इस हादसे ने एक बार फिर सर्वमंगला चौक की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *