Home / Chhattisgarh / बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, दो महिलाओं की मौत; 9 गंभीर घायल

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, दो महिलाओं की मौत; 9 गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें:

बलरामपुर, 05 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करौंधा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में पिकअप सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 9 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप में करीब 20 लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के पेड़ से टकराते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही करौंधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

मृतकों की पहचान सुरजमणि पति बालेश्वर (40 वर्ष) और किरण पति कपिल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं देवरी, थाना करौंधा की रहने वाली थीं।

गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *