जांजगीर-चांपा, 05 अक्टूबर। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर विभाग की टीम ने आज जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए गए 7 वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग के अनुसार, टीम ने पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा और चांपा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। कार्रवाई के दौरान ग्राम पिपरदा से 1 हाईवा, पीथमपुर से 3 ट्रैक्टर और चांपा के हसदेव नदी क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर अवैध रेत परिवहन करते पाए गए। सभी वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त कर लिया गया है।
जब्त वाहनों को सुरक्षा के लिए चांपा थाना और कलेक्टोरेट परिसर में रखा गया है। विभाग ने संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है।







