रूस से सबसे ज्यादा क्रूड ऑयल खरीद रहा भारत

मॉस्को। भारत ने दिसंबर 2022 में सबसे ज्यादा क्रूड ऑयल रूस से खरीदा। इससे पहले अक्टूबर और नवंबर में भी यही हुआ था। एनर्जी कार्गो ट्रैकर वोरटेक्सा के मुताबिक, दिसंबर में भारत ने हर दिन औसतन 11 लाख 90 हजार बैरल क्रूड ऑयल रूस से खरीदा। इससे एक साल पहले दिसंबर 2021 में भारत प्रतिदिन 36,255 बैरल तेल ही रूस से खरीदता था। यानी एक साल में रूस से तेल की खरीद करीब 32 गुना बढ़ गई। भारत अब अपनी जरूरत का 25% तेल रूस से ही मंगाता है।

ALSO READ :-महंगे होम और कार लोन से जल्द नहीं मिलेगा छुटकारा : शक्तिकांत दास

मार्च 2022 तक भारत अपनी जरूरत का बेहद छोटा हिस्सा ही रूस से खरीदता था। लेकिन अप्रैल से स्थिति बदलना शुरू हुई। अक्टूबर में रूस ने भारत को तेल बेचने के मामले में इराक और सऊदी अरब को पीछे छोड़ दिया था। इस बढ़ोतरी का सबसे बड़ा कारण रूस-यूक्रेन युद्ध है। दरअसल, युद्ध के बाद अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगा दिए थे। जिसके बाद रूस ने क्रूड ऑयल पर डिस्काउंट देना शुरू कर दिया। भारत ने भी मौके का जमकर फायदा उठाया और रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीदना शुरू कर दिया। भारत की तरह चीन ने इस दौरान रूस से बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल खरीदा है।