कोरबा। एसईसीएल दीपका क्षेत्र में 14 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा 2026 का पुरस्कार एवं समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। दीपका क्षेत्र के ऑफिसर्स क्लब में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद मानव संसाधन विभाग के प्रबंधक ललित गौरव ने स्वागत उद्बोधन दिया। वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक राजभाषा राजेश कुमार गुरुद्वान ने राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
हिंदी निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संध्या नेताम, द्वितीय रोहित और तृतीय स्थान कृति ने हासिल किया। के. ईस कुमार और पी. बद्री को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। हिंदी टिप्पण-आलेखन प्रतियोगिता में प्रभात कोहली, संध्या नेताम, मिलिंद कुमार, पूर्णिमा कंवर और सौम्या सिंह को सम्मानित किया गया।

चित्र आधारित हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिता में पूर्णिमा कंवर, एस. पवन गुप्ता, वीरेंद्र प्रसाद राठौर, संतोष कुमार पटेल और सुनील कुमार शर्मा को पुरस्कार मिला। हिंदी व्याकरण ज्ञान प्रतियोगिता में भरत लाल साहू, एसके द्विवेदी, लक्ष्मण दास वैष्णव, योगेश कुमार और संध्या साहू को सम्मानित किया गया।
हिंदी कविता पाठ प्रतियोगिता में पंकज पाठक, रामेश्वर राम आदित्य, अनिकेत कुमार, ऋषभ कुमार और रुबीना को पुरस्कार मिला। वहीं तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में रुबीना, लक्ष्मण दास वैष्णव, पंकज पाठक, रोहित और वीरेंद्र प्रसाद राठौर को पुरस्कृत किया गया।
24 सितंबर को आयोजित हिंदी अंताक्षरी प्रतियोगिता में सीएमओएआई संगठन की सोमी सुराना, ऋषभ कुमार और अक्षय टोपले की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय पुरस्कार सरजू रत्नाकर, वीरेंद्र प्रसाद राठौर और दीपशिखा श्रीवास की टीम को मिला। एचएमएस संगठन की नीतीश कुमार कश्यप, शशांक खरे और विनोद कुमार सतनामी की टीम तृतीय रही। इंटक संगठन की सतीश सिंह, नरेश दास और अंशु माला दुबे तथा एटक संगठन की संतोष कुमार पटेल, दिलीप कुमार और योगेश कुमार की टीम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार ने कहा कि हिंदी के प्रयोग में किसी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा राजभाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के शत-प्रतिशत उपयोग पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में राजेश कुमार गुरुद्वान ने आभार व्यक्त किया। समारोह में एसईसीएल दीपका क्षेत्र के अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षा प्रहरी और प्रेस-मीडिया से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ।







