कोरबा, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में कोरबा जिले के लोगों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में शुरू की गई ‘खिलौना दान’ पहल अब सामाजिक मुहिम का रूप ले रही है। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुंच रहे ‘खिलौना दान रथ’ में परिवार आगे बढ़कर अपने घरों में रखे साफ-सुथरे, सुरक्षित और उपयोग योग्य खिलौने दान कर रहे हैं।
कई घरों में बच्चे बड़े होने के बाद पुराने खिलौने अलमारी या स्टोर रूम में रखे रह जाते हैं। ऐसे खिलौने किसी जरूरतमंद बच्चे के लिए खुशी और खेल का माध्यम बन सकते हैं। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा खिलौना दान अभियान चलाया जा रहा है।
खिलौना दान रथ के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में उपयोगी खिलौने प्राप्त हो चुके हैं। इन खिलौनों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बच्चों को खेलने के साथ सीखने और अपनी रचनात्मकता विकसित करने के अवसर मिलेंगे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से अपील की है कि घर में रखे ऐसे खिलौने, जिनका अब उनके बच्चों द्वारा उपयोग नहीं किया जा रहा है, उन्हें जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बड़े हो जाने पर खिलौने भी घर में पड़े न रहें, बल्कि किसी दूसरे बच्चे के बचपन का हिस्सा बनें।
सेवा संकल्प अभियान के तहत नागरिकों को उपयोगी पुस्तकों के दान के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। एक कक्षा पूरी करने के बाद बच्चों की पुरानी किताबें अक्सर घर में रखी रह जाती हैं। उपयोग योग्य ऐसी किताबें जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहारा बन सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर में अनुपयोगी पड़े उपयोगी खिलौने और पुस्तकों को जरूरतमंद बच्चों के लिए दान करें।
खिलौना दान करने अथवा खिलौना संग्रह रथ को अपने घर बुलाने के लिए मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क किया जा सकता है।







