Home / Chhattisgarh / Janjgir Champa : पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग से अनाचार के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार

Janjgir Champa : पामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग से अनाचार के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 24 सितम्बर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं से अनाचार के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में नाबालिग को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले जाने वाले आरोपी को गुरुग्राम से पकड़ा, जबकि दूसरे मामले में प्रेम विवाह का झांसा देकर नाबालिग से अनाचार करने और धमकी देने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला 16 अगस्त 2026 की रात का है। पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका घर से लापता हो गई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत धारा 137 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नाबालिग की तलाश के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस टीम को नाबालिग के हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को गुरुग्राम से सुरक्षित बरामद किया और आरोपी विष्णु पटेल (23), निवासी सेन्दरी को पकड़ा। जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध अनाचार के आरोप से संबंधित तथ्य सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दूसरे मामले में 22 सितंबर 2026 को नाबालिग पीड़िता ने पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में उसकी पहचान पामगढ़ थाना क्षेत्र के जोरैला निवासी जशवंत जानू उर्फ ज्वाला (25) से हुई थी। आरोप है कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से नाबालिग से बातचीत करता था और प्रेम विवाह का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी जशवंत जानू उर्फ ज्वाला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *