16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म करने वाले आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़,30 नवंबर । शहर ब्यावरा थाना पुलिस टीम ने तीन दिन पहले 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपित को जयपुर के श्यामपुर डूंगरी से गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपित के चंगुल से नाबालिग को मुक्त कर परिजनों को सौंपा और कथनों के आधार पर अतिरिक्त धाराओं में इजाफा कर अदालत में पेश किया।थानाप्रभारी राजपालसिंह राठौर ने मंगलवार को बताया कि 25 नवंबर को शहीद काॅलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोरी के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 363 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर जयपुर के श्यामपुर डूंगरी थाना आमेर से आरोपित विनोद मेहता निवासी देवरीकला को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से पीड़ित को मुक्त कर परिजनों को सौंपा। पुलिस ने कथनों के आधार पर आरोपित के खिलाफ धारा 366, 376, 3/4 पाॅक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अदालत में पेश किया। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी राजपालसिंह राठौर, एसआई रमेश जाट, प्रआर.कुलदीप पांडे, आर.श्याम रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।