ठंड से ठिठुरा छत्तीसगढ़,महासमुंद समेत इन जिलों में रहेगा न्यूनतम तापमान…

रायपुर ,24 नवंबर । आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में ठिठुरन और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला अब शुरू हो जाएगा। बस्तर संभाग में तो अगले तीन दिनों में छह डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। बुधवार को प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान कवर्धा रहा। एडब्ल्यूएस कवर्धा का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा ठंड पड़ेगी।

पारे में आ रही गिरावट के कारण इन दिनों ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। सुबह और रात्रि के साथ ही शाम के समय भी ठंड बढ़ती जा रही है। कई वर्षों बाद नवंबर में ही ठंड का अहसास होने लगा है। पिछले दिनों तो रायपुर का न्यूनतम तापमान छह वर्षों के न्यूनतम तापमान के स्तर पर पहुंच गया था।छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक 31.5°c दंतेवाड़ा और सबसे कम 8.2°C कवर्धा में दर्ज हुआ था।