भटगांव/बेमेतरा। जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे द्वारा दिया गया एक अनोखा आवेदन इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सुशासन तिहार के दौरान आबकारी विभाग को सौंपे गए इस आवेदन ने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदन में मांग की गई है कि जिस प्रकार शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रचार सामग्री और सरकारी योजनाओं में मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री की तस्वीरें प्रकाशित की जाती हैं, उसी प्रकार शासन द्वारा संचालित शासकीय शराब दुकानों में बिकने वाली शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री की तस्वीरें अंकित की जाएं।
आवेदनकर्ता का तर्क है कि जब सरकारी योजनाओं और प्रचार माध्यमों में जनप्रतिनिधियों के चित्रों का उपयोग किया जाता है, तो शासन के अधीन संचालित अन्य व्यवस्थाओं में भी समान रूप से यह व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
आवेदन सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग इसे तेजी से साझा कर रहे हैं। कई लोग इसे व्यंग्यात्मक अंदाज में दिया गया आवेदन बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सरकारी व्यवस्था पर कटाक्ष के रूप में देख रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर भी इस आवेदन को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने इसे विरोध दर्ज कराने का अनोखा तरीका बताया है, तो कुछ इसे जनभावनाओं को व्यक्त करने का अलग माध्यम मान रहे हैं।
मामले की पुष्टि के लिए संवाददाता द्वारा आवेदन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान आवेदनकर्ता सतीश मारकंडे ने आवेदन प्रस्तुत करने की पुष्टि की।
अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि संबंधित विभाग इस आवेदन पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या इस संबंध में कोई आधिकारिक जवाब सामने आता है।

