ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.13 ग्राम चिट्टा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रायपुर, 08 जनवरी । रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गोबरानवापारा पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोईन) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6 ग्राम 13 मिलीग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में की गई। नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध खरीदी-बिक्री में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी 2026 को थाना गोबरानवापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुलना तिराहा के पास दो व्यक्ति चिट्टा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नया रायपुर श्री विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक नया रायपुर श्री तुलसी राम लेकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोबरानवापारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

पुलिस को देखकर दोनों संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम इमरान खान उर्फ गोलू और पुरूषोत्तम साहू बताया, जो दोनों जिला धमतरी के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोईन) बरामद हुआ।

आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना गोबरानवापारा में अपराध क्रमांक 10/26, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में इमरान खान उर्फ गोलू (34 वर्ष), निवासी रिसाई पारा, थाना कोतवाली, जिला धमतरी तथा पुरूषोत्तम साहू (29 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद, थाना कुरूद, जिला धमतरी शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल, उप निरीक्षक अरुण साहू, सहायक उप निरीक्षक साबिर अली, प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह, आरक्षक कसान रजा एवं सुदीप मिश्रा की अहम भूमिका रही। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।