रायपुर । रायपुर पुलिस ने पर्स और मोबाइल लूट तथा वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है, जबकि दूसरा नाबालिग है और वाहन चोरी के मामले में पूर्व में पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
कैसे हुई वारदात
20 जुलाई को न्यू आनंद नगर, भनपुरी निवासी एक महिला अपनी सास के साथ फाफाडीह स्थित पाठक अस्पताल जा रही थी। दोपहर 12:30 बजे के करीब जैसे ही वे रोड पार कर रहीं थीं, बाइक सवार दो युवक उनकी सास के हाथ से हैंडपर्स झपटकर फरार हो गए। झपटमारी में महिला नीचे गिर गई और उसे चोट आई। पर्स में ₹3,000 नकद और दो मोबाइल फोन थे। इस मामले में गंज थाने में 304(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
CCTV फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने निर्मल महानंद उर्फ साहिल नाम के युवक की पहचान की, जो पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने नाबालिग भाई (जो पहले से वाहन चोरी के मामले में आरोपी है) के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दे रहा था।
अन्य घटनाओं में भी संलिप्त
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक और व्यक्ति से मोबाइल लूटा था और खमतराई इलाके से एक पल्सर बाइक चुराई थी, जिसका इस्तेमाल वे वारदातों में कर रहे थे।
इन घटनाओं को लेकर गंज थाने में FIR क्रमांक 178/25, देवेंद्र नगर में FIR क्रमांक 133/25 (धारा 309(2), BNS) और खमतराई थाने में वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
निर्मल महानंद उर्फ साहिल, उम्र 22, निवासी घासपारा, माता नगर, खमतराई
विधि के साथ संघर्षरत एक नाबालिग भाई
पुलिस की टीम और कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक भावेश गौतम और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय के नेतृत्व में कई अधिकारियों और जवानों की टीम शामिल रही, जिन्होंने तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज और पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखकर सफलता हासिल की।
रायपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट और चोरी की सामग्री बरामद कर ली है, और संबंधित थानों को उनकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


