Home / Business / अब Blinkit और Zepto पर भी मिल रहा iPhone 18 Pro, फिर खरीदने के लिए Apple Store के बाहर लाइन क्यों?

अब Blinkit और Zepto पर भी मिल रहा iPhone 18 Pro, फिर खरीदने के लिए Apple Store के बाहर लाइन क्यों?

iPhone 18 Pro खरीदने के लिए अब सिर्फ Apple Store या बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. Blinkit और Zepto जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी यह फोन मिलने लगा है. ऐसे में सवाल उठता है कि जब घर बैठ फोन मंगाने का ऑप्शन मौजूद है, तो फिर लोग Apple Store के बाहर लाइन लगाकर क्यों खड़े हैं? इसकी पीछे कई वजहें हैं. चलिए आपको इसके बारे में विस्तार से समझाते हैं.

मनपसंद मॉडल और कलर मिलना आसान नहीं
बता दें, क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर iPhone 18 Pro की उपलब्धता होने का मतलब यह नहीं है कि हर मॉडल, कलर और स्टोरेज वेरिएंट हमेशा मिल जाएगा. किसी को 256GB वाला फोन चाहिए, तो किसी की पसंद 512GB या 1TB मॉडल हो सकती है. इसी तरह कई लोग खास कलर खरीदना चाहते हैं. ऐसे में हो सकता है कि पसंद का वेरिएंट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ही न हो या कुछ ही समय में उसका स्टॉक खत्म हो जाए. ऐसे खरीदारों के लिए सीधे स्टोर जाना एक ऑप्शन बन जाता है.

हर शहर और पिन कोड पर नहीं मिलती डिलीवरी
Blinkit और Zepto की सुविधा हर जगह उपलब्ध नहीं है. इन प्लेटफार्म से iPhone 18 Pro मंगाने का ऑप्शन चुनें शहरों और खास पिन कोड तक ही सीमित हो सकता है. यानी अगर आपके इलाके में इनकी डिलीवरी नहीं होती, तो आप चाहकर भी फोन घर नहीं मंगा सकते. ऐसे में Apple Store या किसी रजिस्टर्ड रिटेल स्टोर पर जाकर फोन खरीदना पड़ सकता है. छोटे शहरों और उन इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह बात खास तौर पर मायने रखती है, जहां क्विक-कॉमर्स की पहुंच सीमित है.

एक्सचेंज और फाइनेंस ऑफर्स भी हैं वजह
नया iPhone खरीदते समय कई लोग अपने पुराने फोन को एक्सचेंज करने का ऑप्शन भी देखते हैं. इसके अलावा, कुछ खरीदार फाइनेंस स्कीम, ट्रेड-इन वैल्यू या दूसरे खास ऑफर्स का फायदा उठाना चाहते हैं. Apple Store या रजिस्टर्ड रिटेल स्टोर पर जाकर ग्राहक उपलब्ध एक्सचेंज और फाइनेंस विकल्पों के बारे में सीधे जानकारी ले सकते हैं. हालांकि, कौन-सा ऑफर मिलेगा और उसकी शर्तें क्या होंगी, यह स्टोर और उस समय चल रही स्कीम पर निर्भर कर सकता है. इसलिए कुछ लोगों के लिए सिर्फ जल्दी डिलीवरी मिलना ही खरीदारी का सबसे बड़ा मकसद नहीं होता. वे फोन खरीदने से पहले दूसरे विकल्प भी देखना चाहते हैं.

Apple Store पर फोन खरीदने का अपना अलग एक्सपीरियंस
कुछ लोगों के लिए नया iPhone खरीदना सिर्फ एक फोन खरीदने जैसा नहीं होता. वे लॉन्च के दिन स्टोर पहुंचना, वहां का माहौल देखना और अपने पसंदीदा फोन को खुद जाकर खरीदना पसंद करते हैं. खासकर Apple के कुछ फैंस के लिए नए iPhone की पहली खरीदारी एक यादगार एक्सपीरियंस हो सकती है. ऐसे खरीदारों के लिए घर बैठे डिलीवरी का ऑप्शन होने के बावजूद Apple Store जाना ज्यादा खास होता है.

क्विक-कॉमर्स के बाद भी क्यों बनी हुई है स्टोर की अहमियत?
Blinkit और Zepto जैसे प्लेटफॉर्म फोन खरीदने का एक और रास्ता देते हैं, लेकिन हर ग्राहक की जरूरत एक जैसी नहीं होती. किसी को तुरंत डिलीवरी चाहिए, किसी को अपना पसंदीदा वैरिएंट तलाशना है, तो कोई एक्सचेंज और फाइनेंस के विकल्प देखना चाहता है. वहीं, कुछ लोग नए iPhone को स्टोर से खरीदने के अनुभव के लिए भी वहां पहुंचते हैं.

यही वजह है कि क्विक-कॉमर्स पर iPhone 18 Pro उपलब्ध होने के बावजूद Apple Store के बाहर लोगों की लाइनें देखने को मिल सकती हैं. आखिरकार, फोन खरीदने का तरीका हर ग्राहक अपनी जरूरत, उपलब्ध विकल्पों और पसंद के हिसाब से चुनता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *