धमतरी, 18 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में थाना केरेगांव पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचने के आरोप में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 19.5 लीटर अवैध शराब और 550 रुपये बिक्री रकम बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर केरेगांव पुलिस टीम ने राजीव नगर फुटहामुड़ा और बांसपारा कुकरेल में कार्रवाई की। पहली कार्रवाई राजीव नगर फुटहामुड़ा, माकरदोना में की गई, जहां पुलिस ने रमुला बाई कमार (32 वर्ष), पति स्वर्गीय रंजीत कमार, निवासी राजीव नगर फुटहामुड़ा को अवैध शराब बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से 3.5 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 350 रुपये है, के साथ 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। इस मामले में कुल 550 रुपये की जब्ती करते हुए अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई ग्राम बांसपारा कुकरेल में की गई। पुलिस ने आरोपी के घर की बाड़ी में दबिश देकर चंदर कमार (26 वर्ष), पिता कृपाराम कमार, निवासी बांसपारा कुकरेल को अवैध कच्ची महुआ शराब बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से 16 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1,600 रुपये है, तथा 350 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। इस मामले में कुल 1,950 रुपये की जब्ती की गई और अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।







