Home / Chhattisgarh / ‘पैसे दो नहीं तो फोटो वायरल कर दूंगा’, 50 हजार के लिए विवाहिता को बनाया बंधक

‘पैसे दो नहीं तो फोटो वायरल कर दूंगा’, 50 हजार के लिए विवाहिता को बनाया बंधक

रायगढ़,18 सितंबर। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने एक विवाहित युवती को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाने, बंधक बनाने और फोटो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये मांगने के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अटल विहार, कोतरारोड स्थित एक मकान से युवती को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20 वर्ष), निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को युवती की मां ने चक्रधरनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि उनकी 24 वर्षीय बेटी 3 सितंबर से लापता है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी। वहां उसकी मुलाकात अजरूदीन अली से हुई और दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर साझा किया। इसके बाद आरोपी ने युवती पर मिलने के लिए रायपुर चलने और वहां होटल में रुकने का दबाव बनाया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने दबाव डालकर उसे रायपुर के एक परिचित होटल में ठहराया और वहां अपना प्रभाव दिखाकर उसे चेक-आउट नहीं करने दिया। युवती किसी तरह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ लौटी, लेकिन आरोपी ने उसे रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ही पकड़ लिया। इसके बाद वह जबरदस्ती उसे एक स्थानीय होटल ले गया और रात भर वहां रोके रखा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने घर जाने की जिद की, तो आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में ले गया और वहां बंधक बनाकर रखा। आरोपी ने मीना बाजार के दौरान ली गई तस्वीरों और साथ रहने की बात उजागर कर उसे रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी दी। उसने यह दावा करते हुए कि युवती पर 50 हजार रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं, रकम मिलने तक उसे न छोड़ने की बात कही। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर 2026 को अटल विहार स्थित मकान पर दबिश दी। पुलिस ने युवती को वहां से मुक्त कराया और आरोपी अजरूदीन अली को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। कानूनी औपचारिकताओं के बाद 16 सितंबर को ही आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

चक्रधरनगर पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।मामले को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी महिला को बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, धमकाने या ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ शिकायत मिलते ही त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *