
खैरागढ़ जिले के छुईखदान के समीप छिंदारी बांध के पास भीषण सड़क हादसा, मौके पर 3 की दर्दनाक मौत,अन्य 8 घायल
May 30, 2025खैरागढ़। जिले के छुईखदान क्षेत्र से शुक्रवार सुबह हृदय विदारक सड़क हादसे की खबर ने पूरे अंचल को गहरे शोक में डुबो दिया। राजनांदगांव से तेंदूपत्ता भराई के लिए निकली एक माजदा वाहन छिनदारी बांध के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हो गए जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना सुबह लगभग 7 बजे बीरूटोला के समीप हुई जब वाहन कार्यस्थल की ओर जा रहा था। माजदा में कुल 11 लोग सवार थे जो सभी तेंदूपत्ता के लिए राजनांदगांव जिले से आए हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण वाहन मोड़ पर संतुलन खो बैठा और खाई में गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस व प्रशासन की टीम भी कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।दुर्घटना में मौके पर राजेश साहू, पिता अर्जुन साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी भरदा कला, मंगल चंद बलदेव साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी भरदा कला, टिक्कू धनकर, पिता सुरेश धनकर, उम्र 31 वर्ष, निवासी भरदा कला मौत हो गई।इनकी असामयिक मृत्यु ने पूरे भरदा कला गांव को शोक में डुब गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना में घायल तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा
रही है। उन्हें मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य तीन घायलों का इलाज छुईखदान में ही चल रहा है।बीएमओ डॉ. मनीष बघेल ने बताया कि, “घायलों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।प्राप्त जानकारी अनुसार, यह माजदा वाहन राजनांदगांव के एक तेंदूपत्ता कारोबारी की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।