
दुनिया के कई क्षेत्रों में नेतृत्व करेगा भारत : ओम बिरला
April 17, 2025नई दिल्ली । पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 120 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को पीएचडी हाउस में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक कॉफी टेबल बुक लॉन्च किया और इंडस्ट्री के पिछले अध्यक्षों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि एक समय था, जब भारत उपभोग के लिए बाजार हुआ करता था। दुनियाभर के देशों का बाजार भारत हुआ करता था। आज परिस्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि भारत के इंडस्ट्रियल सेक्टर में जिस तेजी से ट्रांसफॉर्मेशन हुआ है, आने वाले समय में भारत दुनिया के कई क्षेत्रों में नेतृत्व करेगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “पीएचडी. चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 120 वर्ष पूर्ण होने पर आज दिल्ली में आयोजित समारोह को संबोधित किया। विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में आज निवेश के अवसर बढ़ रहे हैं, क्योंकि यहां टिकाऊ नीतियां हैं, स्थिर शासन है, लॉ एंड ऑर्डर है और टैक्स सिस्टम को लगातार सरल बनाने का प्रयास किए जा रहे हैं। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में वाणिज्य और उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। पिछले कुछ सालों में भारत तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है, जिससे हमारा सर्विस सेक्टर सशक्त हुआ है, और हम इंडस्ट्रीज में भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।