रूस-यूक्रेन, काला सागर और ऊर्जा ढांचे पर नहीं करेंगे हमला

रूस-यूक्रेन, काला सागर और ऊर्जा ढांचे पर नहीं करेंगे हमला

March 26, 2025 Off By NN Express

वाशिंगटन । संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन और रूस के साथ समुद्र में और ऊर्जा लक्ष्यों पर हमले रोकने के लिए अलग-अलग समझौते किए। वाशिंगटन ने मॉस्को के खिलाफ कुछ प्रतिबंधों को हटाने के लिए दबाव बनाने पर सहमति व्यक्त की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वाशिंगटन ने कहा समझौतों की घोषणा करते हुए कहा कि सभी पक्ष, ‘स्थायी शांति’ की दिशा में काम करना जारी रखेंगे। व्हाइट हाउस ने कहा कि उन्होंने एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमला करने पर पहले से सहमत प्रतिबंध को लागू करने के ‘तरीके विकसित करने’ की भी प्रतिबद्धता जताई है।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि काला सागर समुद्री सुरक्षा समझौते कब और कैसे शुरू होंगे, लेकिन ये डील राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद से दोनों युद्धरत पक्षों की ओर से पहली औपचारिक प्रतिबद्धताएं हैं। ट्रंप यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने और मॉस्को के साथ तेजी से मेल-मिलाप करने पर जोर दे रहे हैं। उनके इस रुख ने कीव और यूरोपीय देशों को चिंतित कर दिया है।

रूस के साथ अमेरिका की डील यूक्रेन के साथ हुए समझौते से एक कदम आगे है। इसके तहत वाशिंगटन ने रूसी कृषि और उर्वरक निर्यात पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध जताई है, जो लंबे समय से रूस की मांग रही है। अमेरिकी घोषणाओं के तुरंत बाद, क्रेमलिन ने कहा कि जब तक कुछ रूसी बैंकों और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली के बीच संबंध बहाल नहीं हो जाते, तब तक काला सागर समझौते प्रभावी नहीं होंगे।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनकी समझ यह है कि युद्धविराम समझौतों को लागू होने के लिए प्रतिबंधों में राहत की जरूरत नहीं है और यह तुरंत प्रभावी होंगे। उन्होंने क्रेमलिन के बयान को समझौतों में ‘हेरफेर’ करने का प्रयास बताया। जेलेंस्की ने अपने रात के वीडियो संबोधन में कहा, वे पहले से ही समझौतों को विकृत करने की कोशिश कर रहे हैं। वे वास्तव में, हमारे मध्यस्थों और पूरे विश्व को धोखा दे रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कीव और मास्को दोनों ने कहा कि वे समझौतों को लागू करने के लिए वाशिंगटन पर निर्भर रहेंगे। हालांकि दोनों ने दूसरे पक्ष के समझौते के पालन करने पर संदेह जताया।