अनीता दरवाजा खोलो! रात में खुलवाया गेट और हमेशा के लिए ‘खामोश’ कर दी महिला, मेयार गांव में हड़कंप

नालंदा,12 फ़रवरी 2025: बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई है, जो भूषण यादव की पत्नी थीं। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल, सर्किल इंस्पेक्टर रामाशंकर सिंह और नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

नालंदा में महिला की गोली मारकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप

  • मृतका की पहचान 35 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई
  • पुलिस ने मृतका के बेटे से पूछताछ शुरू की
  • सुराग जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की

कैसे हुई वारदात?
डीएसपी संजय कुमार के अनुसार, मंगलवार रात अनीता देवी अपने बच्चे के साथ घर में सो रही थीं। रात करीब 12 बजे दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे, उन्होंने आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया। अंदर घुसते ही महिला के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही अनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला का घर गांव के बाहरी हिस्से में स्थित था, जिससे हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।