Weather Update:प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी, फ़रवरी में ही निकले कूलर और पंखें, इस दिन से तापमान में गिरावट सम्भावना

Weather Update:प्रदेश में बढ़ने लगी गर्मी, फ़रवरी में ही निकले कूलर और पंखें, इस दिन से तापमान में गिरावट सम्भावना

February 4, 2025 Off By NN Express

रायपुर,04 फरवरी 2025 : छत्तीसगढ़ में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में ठंड का असर लगभग गायब हो चुका है, और फरवरी के महीने में भी लोग गर्मी से परेशान हैं। लोग अब कूलर और पंखों का सहारा लेने लगे हैं। रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दिन में गर्मी का असर अधिक हो गया है। हालांकि, मौसम के मिजाज में जल्द ही बदलाव आने वाला है। अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है।

3 फरवरी को प्रदेश का तापमान

3 फरवरी को प्रदेश के दंतेवाड़ा में सबसे अधिक गर्मी महसूस की गई, जहां तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी अफगानिस्तान और ईरान के ऊपर 3.1 से 9.4 किलोमीटर ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश में पूर्वी दिशा से हवाएं आ रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। हालांकि, तापमान में गिरावट की संभावना बनी हुई है। 4 फरवरी से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन 6 और 7 फरवरी को फिर से तापमान में गिरावट आ सकती है। इस दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है।

कैसा रहेगा आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ़ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस मौसम के बदलाव के कारण छत्तीसगढ़वासियों को गर्मी और ठंड का मिश्रित अनुभव हो सकता है।