
महिला हेल्पलाइन से 81.64 लाख से अधिक महिलाओं को मिली सहायता
December 12, 2024दिल्ली। महिला हेल्पलाइन (डब्ल्यूएचएल) सेवा 1 अप्रैल, 2015 से काम कर रही है। यह मिशन शक्ति के अंतर्गत संबल पहल का एक घटक है। इसका उद्देश्य महिलाओं को पुलिस, वन स्टॉप सेंटर, अस्पताल, कानूनी सेवा प्राधिकरण आदि जैसे उपयुक्त अधिकारियों से जोड़कर सार्वजनिक और निजी दोनों जगहों पर टेलीफोन सेवा 181 के माध्यम से 24x7x365 आपातकालीन और गैर-आपातकालीन राहत प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त, यह महिला कल्याण योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करती है। वर्तमान में, डब्ल्यूएचएल 35 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में कार्यरत है (पश्चिम बंगाल सरकार डब्ल्यूएचएल को लागू नहीं कर रही है) और इसकी शुरुआत से 31.10.2024 तक 81.64 लाख से अधिक महिलाओं को सहायता प्रदान की गई है।
मिशन शक्ति दिशा-निर्देशों के अनुसार, योजना के कार्यान्वयन के लिए राज्य/संघ राज्य क्षेत्र जिम्मेदार हैं। सम्बंधित राज्य/संघ राज्य क्षेत्र आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर जन जागरूकता गतिविधियां चलाते हैं।
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने आज राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।