नई दिल्ली,16 सितंबर : क्या हैरी ब्रूक, केविन पीटरसन से बेस्ट बल्लेबाज हैं? इस बहस को इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने अपने बयान से छेड़ दिया है. श्रीलंका के खिलाफ साउथैम्प्टन में खेले पहले T20I के बाद बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक के मुरीद हो चुके हैं. इसके पीछे की वजह है उनका जमाया हाहाकारी शतक. उनकी पावर हिटिंग और बल्लेबाजी में उनकी टाइमिंग. स्टोक्स ने माना कि केविन पीटरसन का टैलेंट भी कम जबरदस्त नहीं रहा. मगर उनकी नजर में ब्रूक बेस्ट हैं.
हैरी ब्रूक हैं केविन पीटरसन से बेहतर- स्टोक्स
बेन स्टोक्स ने हैरी ब्रूक को केविन पीटरसन से बेहतर बताने वाला बयान अपने एक्स हैंडल के जरिए दिया. उन्होंने लिखा कि ब्रूक कमाल के खिलाड़ी हैं और उन्हें खेलते देखकर मजा आता है. स्टोक्स ने आगे लिखा कि उन्हें नहीं लगता कि टैलेंट के मामले में केविन पीटरसन का हुनर, हैरी ब्रूक के आस-पास भी आ सकता है. आखिर में स्टोक्स ने साफ किया कि हालांकि ये पीटरसन के साथ थोड़ी ज्यादती होगी. दोनों ही जबरदस्त टैलेंट हैं लेकिन उनके मुताबिक ब्रूक बेहतर हैं.
हैरी ब्रूक ने खेली T20I करियर की सबसे बड़ी पारी
अब स्टोक्स ने ब्रूक का बखान तो कर दिया. उन्होंने ब्रूक को पीटरसन से बेस्ट भी बता दिया. लेकिन क्यों? ब्रूक की शतकीय पारी में ऐसी क्या खास बात रही? ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ पहले T20I में अपना शतक सिर्फ 42 गेंदों में जमाया, जो कि उनके T20I करियर का दूसरा और सबसे तेज शतक भी है. ब्रूक की पारी कुल 49 गेंदों की रही, जिसमें उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के के साथ नाबाद 114 रन बनाए, जो कि उनके T20I करियर की सबसे बड़ी पारी है.
सिर्फ एक ओवर में ब्रूक ने कूटे 30 रन
अपनी शतकीय पारी के दौरान हैरी ब्रूक ने 30 रन तो सिर्फ एक ओवर में ही जड़ दिए थे. ऐसा उन्होंने पावरप्ले के 5वें ओवर में श्रीलंकाई स्पिनर दुनिथ वेलालागे के खिलाफ किया. उन्होंने उस ओवर में 6, 4, 4, 6, 6, 4 जमाते हुए कुल 30 रन हासिल किए.
शतक जड़कर ब्रूक ने रचा इतिहास
श्रीलंका के खिलाफ साउथैम्प्टन T20 में जमाया शतक हैरी ब्रूक के T20I करियर का ना सिर्फ दूसरा शतक है. बल्कि बतौर कप्तान भी T20I में जमाया दूसरा शतक है. इसी के साथ वो बतौर कप्तान सबसे ज्यादा 2 T20I शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले कप्तान बन गए हैं. T20I में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा 3-3 शतक रोहित शर्मा और बाबर आजम ने जमाए हैं.







