छत्तीसगढ़: प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब, 30-31 मार्च को तेज अंधड़ के साथ बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़: प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब, 30-31 मार्च को तेज अंधड़ के साथ बारिश की चेतावनी

March 29, 2024 Off By NN Express

रायपुर। प्रदेश में शुष्क हवा के कारण राजधानी समेत राज्यभर में दिन के तापमान में वृद्धि के साथ ही गर्मी बढ़ने लगी है। राज्य के कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है अगले एक-दो दिन में वृद्धि बढ़ सकती है। इस बीच मौसम विभाग ने 30 और 31 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने तथा तेज अंधड़ चलने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण आंतरिक कर्नाटका से पूर्वी विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई थी। यह गुरुवार को उत्तरी कर्नाटका से मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से तक डेढ़ किमी की ऊंचाई तक विस्तारित है। 30 और 31 मार्च को भी मौसमी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इसी वजह सें 30 मार्च को रायपुर, कोरिया, सूरजपुर, पेंड्रा, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव जिले में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

READ MORE: मुनव्वर फारूकी के हिरासत में जाने के बाद एल्विश यादव ने किया पोस्ट, लिखा- बिग बॉस जीतने के बाद…

वहीं 31 मार्च को सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।

रायपुर में पारा 39.2 डिग्री पर पहुंचा

गुरुवार को प्रदेश में सभी प्रमुख स्थानों पर दिन का तापमान काफी ज्यादा रहा राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। बुधवार की तुलना में तापमान दो डिग्री ज्यादा रहा। बिलासपुर में भी पारा 37.8 रिकार्ड किया गया। यह बुधवार को 36.4 डिग्री था। दुर्ग में पारा 39 डिग्री के करीब रहा। अंबिकापुर में 36.2 तथा पेंड्रारोड में 37 डिग्री रिकार्ड किया गया।