Home / Chhattisgarh / रायपुर में तेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, 2 संचालकों पर कार्रवाई; DJ वाहन जब्त, कोलाहल अधिनियम के तहत केस

रायपुर में तेज आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, 2 संचालकों पर कार्रवाई; DJ वाहन जब्त, कोलाहल अधिनियम के तहत केस

रायपुर, 14 सितम्बर 2026। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रायपुर कमिश्नरेट के मध्य क्षेत्र में बिना अनुमति और निर्धारित समय-सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वाले दो संचालकों के खिलाफ पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों मामलों में डीजे वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र रायपुर तारकेश्वर पटेल ने क्षेत्र के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को डीजे एवं धुमाल संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें माननीय उच्चतम न्यायालय और बिलासपुर उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे एवं धुमाल संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।

इसी निर्देश के तहत 13 सितंबर 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को जनता कॉलोनी, राजेंद्र नगर और जोगी बंगला सिविल लाइन के आसपास डीजे संचालन की जानकारी मिली। जांच के दौरान डीजे संचालक राजेंद्र साहू और रूपेश पासी द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए डीजे संचालित करना पाया गया।

पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की धारा 4, 5 और 15 के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डीजे वाहन को भी जब्त किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई की जद में आए आरोपियों में राजेंद्र साहू (24 वर्ष), पिता कृष्ण कुमार साहू, निवासी रामनगर, चरोदा भिलाई, जिला दुर्ग और रूपेश पासी (33 वर्ष), पिता मुन्नालाल पासी, निवासी आदिवासी हॉस्टल के सामने, पेंशनबाड़ा, थाना कोतवाली रायपुर शामिल हैं।

रायपुर पुलिस ने त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के आयोजकों तथा डीजे संचालकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम आयोजित करने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करें और निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। पुलिस ने कहा है कि जुलूस या कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाना, सार्वजनिक स्थान पर हुज्जतबाजी करना अथवा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में नियमों का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा बनी रहे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रायपुर पुलिस की वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *