Home / Business / एक्सिस बैंक ने लॉन्च किए दो नए AI समाधान, 12 भाषाओं में मिलेगा पेमेंट का हिसाब

एक्सिस बैंक ने लॉन्च किए दो नए AI समाधान, 12 भाषाओं में मिलेगा पेमेंट का हिसाब

नागपुर, 14 सितम्बर। एक्सिस बैंक ने हिताची पेमेंट सर्विसेज के साथ मिलकर बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दो नए AI आधारित समाधान लॉन्च किए हैं। इनमें एक्सप्रेस बैंकिंग: डिजिटल बैंकिंग पॉइंट 2.0 और AI साउंडबॉक्स शामिल हैं। इनका उद्देश्य बैंकिंग और भुगतान सेवाओं को आसान और अधिक स्मार्ट बनाना है।

डिजिटल बैंकिंग पॉइंट 2.0 में ग्राहक सामान्य बोलचाल की भाषा में AI सहायक से बातचीत कर बैंकिंग सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके जरिए खाता खोलने, कार्ड जारी करने, एफडी बुक करने, लोन के लिए आवेदन, बिल भुगतान, चेक जमा करने और पासबुक प्रिंट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे ग्राहकों को अलग-अलग स्क्रीन और मेन्यू में जाकर विकल्प तलाशने की जरूरत कम होगी।

वहीं, AI साउंडबॉक्स कारोबारियों के लिए स्मार्ट भुगतान सहायक के तौर पर काम करेगा। कारोबारी एक बटन दबाकर भुगतान से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे और तुरंत आवाज में जवाब पा सकेंगे। यह सुविधा 12 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी। कारोबारी अपनी दैनिक बिक्री और भुगतान से जुड़ी जानकारी भी आवाज के जरिए हासिल कर सकेंगे।

कंपनियों के मुताबिक, दोनों समाधानों में बातचीत आधारित AI और सुरक्षा सुविधाओं को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्राहकों और कारोबारियों के रोजमर्रा के बैंकिंग व भुगतान अनुभव को अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *