Home / Chhattisgarh / स्वास्थ्य केंद्र में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, इधर डॉक्टर ने सिस्टम पर फोड़ा ठीकरा, आखिर जिम्मेदार कौन?

स्वास्थ्य केंद्र में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, इधर डॉक्टर ने सिस्टम पर फोड़ा ठीकरा, आखिर जिम्मेदार कौन?

ख़बर शेयर करें:

, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां इलाज में लापरवाही के चलते प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। परिवार ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में जिम्मेदारी लेने के बजाय डॉक्टर ने सरकारी व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरा मामला पलारी नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है।

पलारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बेदबाई साहू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने भर्ती कराया था। परिजनों का गंभीर आरोप है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर मौजूद नहीं थे। नर्स ने ही जिद करके प्रसव करा दिया। परिवार लगातार डॉक्टर को फोन करता रहा, लेकिन डॉक्टर तब पहुंचे जब नवजात की मौत हो चुकी थी।

मृतका के पति तीरथ साहू और परिवार के मुखिया महेश साहू का कहना है कि बच्चे की मौत के बाद वे पत्नी को हायर सेंटर रेफर करने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन डॉक्टर ने महिला को स्वस्थ बताकर रेफर नहीं किया। बाद में जब हालत बिगड़ने पर धमतरी ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में महिला ने भी दम तोड़ दिया।

इस पूरे मामले पर जब डॉक्टर सुनील देवांगन से बात की गई तो उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार करते हुए पूरा ठीकरा सरकारी व्यवस्था पर फोड़ दिया। डॉक्टर सुनील का कहना है कि अस्पताल में अनुभवी डॉक्टर नहीं हैं और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को ही डिलीवरी करानी पड़ती है। उन्होंने यह भी माना कि अस्पताल में केवल एक शिफ्ट का स्टाफ है, जिससे 24 घंटे काम लिया जा रहा है। बहरहाल, बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों के बजट के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर क्यों है?

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *