जगदलपुर, 22 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में आपसी विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। सभी आरोपी जगदलपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि एक नाबालिग बालक ने अपने दादा झितरू बघेल, मां सरिता बघेल, दादी शोभा बघेल और नाबालिग बहन के साथ मिलकर मोहल्ले के रहने वाले मन्नू कश्यप पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही SP शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त SP सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर SP आशिंका जैन के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस की टीम नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सरिता बघेल (40 वर्ष), झितरू बघेल (75 वर्ष) और शोभा बघेल (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दोनों नाबालिगों को विधि अनुसार निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों को 22 नवंबर को संबंधित न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






