Home / Chhattisgarh / स्वामी आत्मानंद स्कूल जामनीपाली में जिला स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता आयोजित, 20 विद्यार्थी विधानसभा स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

स्वामी आत्मानंद स्कूल जामनीपाली में जिला स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता आयोजित, 20 विद्यार्थी विधानसभा स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 20 नवंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, जामनीपाली में जिला स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार – सशक्त लोकतंत्र की पहचान’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के चारों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में विद्यालय स्तर, दूसरे चरण में विकासखंड स्तर तथा अंतिम चरण में जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शुरुआती दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया था। इसमें निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान की भूमिका, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीयन सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों की समझ परखी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए जागरूक और सक्रिय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मतदान अधिकारों का महत्व समझने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. अजय प्रताप सिंह ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार कराने तथा नाम विलोपित कराने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा सहायक संचालक वल्लभ दास वैष्णव एवं एडीपीओ, समग्र शिक्षा पवन दास माणिकपुरी के पर्यवेक्षण में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अजय प्रताप सिंह, प्रेमदास माणिकपुरी, हेमलाल कंवर, दिलीप गोंड एवं साकेत मटारा का विशेष योगदान रहा।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन रामकुमार पात्रे, गेंदलाल भास्कर एवं शिवकुमार सिदार की निर्णायक समिति ने किया। कार्यक्रम का संचालन रागिनी चौहान एवं अनुपमा सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के समापन पर निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से 10-10 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन आगामी विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस प्रकार कुल 20 विद्यार्थी अगले चरण में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *