Home / Chhattisgarh / स्पेशल कैम्पेन 6 के तहत SECL की डिजिटल पहल, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलेगी स्वास्थ्य व पेंशन सेवाओं में सुविधा

स्पेशल कैम्पेन 6 के तहत SECL की डिजिटल पहल, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलेगी स्वास्थ्य व पेंशन सेवाओं में सुविधा

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 24 अक्टूबर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) स्पेशल कैम्पेन 6 के तहत डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी की हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) और पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल जैसी डिजिटल पहलें कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य एवं पेंशन संबंधी सुविधाओं को आसान बना रही हैं। इन व्यवस्थाओं से कागजी कार्यवाही कम होने के साथ आवश्यक सेवाओं के त्वरित निस्तारण में भी मदद मिल रही है।

एसईसीएल द्वारा विकसित हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल प्रबंधन किया जा रहा है। इस प्रणाली में मरीजों का पंजीयन, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और दवाओं से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाती है। इससे मरीजों के पुराने चिकित्सा रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे और उपचार प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के ऑनलाइन प्रसंस्करण, अमृत फार्मेसी के एकीकरण और दवा प्रबंधन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और दिवंगत कर्मचारियों के पात्र जीवनसाथियों के लिए केंद्रीकृत पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से पेंशनभोगी अपना पेंशन भुगतान आदेश (PPO) ऑनलाइन प्राप्त और डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया भी डिजिटल माध्यम से आसान बनाई गई है। इससे पेंशनभोगियों को दस्तावेजी प्रक्रियाओं में राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।

पोर्टल से जुड़े गवर्नेंस डैशबोर्ड के माध्यम से एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में पीपीओ अपलोड और संबंधित कार्यों की निगरानी भी की जा रही है। इससे प्रशासनिक समन्वय मजबूत होने के साथ लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि स्पेशल कैम्पेन 6 का क्रियान्वयन 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्वच्छता, ई-वेस्ट प्रबंधन, कार्यालयों में उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग, अभिलेखों के व्यवस्थित प्रबंधन और लंबित मामलों के निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार, डिजिटल सेवाओं का विस्तार सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एचएमआईएस और पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल के जरिए कंपनी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिवारों को आवश्यक सुविधाएं अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *