Home / Chhattisgarh / सेवा संकल्प अभियान : जांजगीर-चांपा में विद्यार्थियों को बांटी गईं पुस्तकें और अध्ययन सामग्री, डिजिटल साक्षरता के लिए भी किया जागरूक

सेवा संकल्प अभियान : जांजगीर-चांपा में विद्यार्थियों को बांटी गईं पुस्तकें और अध्ययन सामग्री, डिजिटल साक्षरता के लिए भी किया जागरूक

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले में शिक्षा सहयोग, विद्या दान और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुस्तकें, अभ्यास पुस्तिकाएं और स्टेशनरी सामग्री वितरित की।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पुस्तकें प्रदान कीं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को सहयोग देना है।

वहीं सावित्री बाई फुले शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पामगढ़ में विद्या दान, शिक्षा सहयोग एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी ने छात्राओं को अभ्यास पुस्तिका सेट, पुस्तकें और स्टेशनरी सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को डिजिटल साक्षरता के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग, ऑनलाइन गतिविधियों में बरती जाने वाली सावधानियों तथा डिजिटल संसाधनों का प्रभावी तरीके से उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में प्रतिनिधि मानस जांगड़े, उपाध्यक्ष रूपचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के अन्य विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराने और डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक करने की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *